खैराबाद में गंदगी बढ़ी तो भड़की हिंदू महासभा
नगर पंचायत की अनदेखी पर तीखी नाराजगी, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

जनपद,मऊ
मोहम्मदाबाद गोहाना क्षेत्र के ग्राम सभा खैराबाद स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में अखिल भारत हिंदू महासभा की महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष मनोज यादव महाराज की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में गांव और बाजार क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही गंदगी, बदहाल सफाई व्यवस्था और नगर पंचायत की लापरवाही पर गंभीर चिंता जताई गई।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि नगर पंचायत मुहम्मदाबाद गोहना को कई बार ज्ञापन देकर गलियों में जमा कूड़े, बदबू और चुंगी क्षेत्र में फैलते प्रदूषण की जानकारी दी गई, लेकिन अधिकारी केवल कागजी औपचारिकता पूरी कर रहे हैं। कूड़े में आग लगाने से धुआं बढ़ रहा है और लोगों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है, परंतु नगर पंचायत मौन बनी हुई है।
हिंदू महासभा ने चेतावनी दी कि यदि खैराबाद सहित नगर पंचायत क्षेत्र में तत्काल वास्तविक सफाई नहीं कराई गई तो संगठन चरणबद्ध विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनता परेशान है और अधिकारी मूक दर्शक बने हैं।
बैठक में जिला महामंत्री मनोज गुप्ता, जिला संगठन मंत्री संतोष कश्यप, जिला उपाध्यक्ष अरुण कुमार, जिला मंत्री रमेश चंद्र प्रजापति, सदर विधानसभा अध्यक्ष शंकर सिंघानिया, रतनपुरा ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रमा कुमार, जिला मंत्री रामनारायण शर्मा और सिखांत वर्मा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – धनंजय पटेल
जिला ब्यूरो – महराजगंज
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



