नवागत जिलाधिकारी ने पहले दिन ही किया ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा
शहर हो या गांव, विकास की गति समान रूप से चलेगी : जिलाधिकारी

मड़ावरा/ललितपुर
मड़ावरा में पर्यटन की संभावनाओं के दृष्टिगत जिलाधिकारी का अनूठा प्रयास, वृहद कार्ययोजना बनेगी
नवागत जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने जनपद में पदभार ग्रहण करते ही जनपद के ग्रामीण इलाकों का रुख किया।
जिलाधिकारी ग्रामीण क्षेत्र में विकास प्राथमिकताओं के दृष्टिगत जनपद की दूरस्थ तहसील महरौनी एवं मड़ावरा में विकास कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे।
उन्होंने महरौनी तहसील अंतर्गत नयनसुख तालाब को देखा व अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में तालाबों के सौंदर्यीकरण के दृष्टिगत शासन से पैरवी करने हेतु सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी विकास को गति देने की जरूरत है, जिसके लिए अधिकारियों को पूरी गंभीरता से कार्य करना होगा।
उन्होंने निर्देश दिए की जो भी योजनाएं किसी कारण लंबित हैं, उन्हें शीघ्र गति प्रदान करें, ताकि जनपदवासियों को इनका लाभ जल्द से जल्द मिल सके। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने महरौनी तहसील का निरीक्षण किया, यहां पर उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को सुना व संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने मड़ावरा तहसील का निरीक्षण किया, यहां पर उन्होंने नवीन तहसील भवन को देखा व कार्यदाई संस्था पैक्सपैड को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द शेष कार्य पूर्ण कर तहसील भवन हस्तांतरण करें।
जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों से उनकी समस्याएं सुनी और निस्तारण का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि शहर हो या गांव, विकास की गति समान रूप से चलेगी, कोई भी समस्या होने पर जिला प्रशासन को अवगत कराएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जनपद मुख्यालय पर आने में काफी समय लगता है, इसलिए प्रयास करें कि उनकी समस्या का निस्तारण मौके पर ही किया जाए।
इस अवसर पर एडीएम एफआर अंकुर श्रीवास्तव, एसडीएम महरौनी,चन्द्रभूषण प्रताप एसडीएम मड़ावरा,सीओ महरौनी, ईओ महरौनी पंकज सिंह कार्यदायी संस्था पैक्सपेड के इंजीनियर उपस्थित रहे।

पत्रकार इन्द्रपाल सिंह’प्रिइन्द्र’



