
कटिहार (बिहार)
पटना सिविल कोर्ट को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद कटिहार जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। एहतियातन कटिहार सिविल कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था तत्काल प्रभाव से कड़ी कर दी गई है। न्यायालय परिसर और उसके आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
इस घटनाक्रम के बाद कटिहार अधिवक्ता संघ ने भी कोर्ट की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। संघ का कहना है कि सिविल कोर्ट परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक आते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है। अधिवक्ता संघ ने जिला प्रशासन से प्रवेश और निकास बिंदुओं पर सघन जांच, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और आधुनिक सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।
प्रशासन की ओर से कोर्ट परिसर में विशेष सुरक्षा टीम को तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कोर्ट की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
धमकी की सूचना के बाद अधिवक्ताओं और आम लोगों में भी सतर्कता बढ़ गई है। अधिवक्ता संघ ने मांग की है कि अस्थायी व्यवस्था के बजाय न्यायालय परिसर में स्थायी और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए, ताकि न्यायिक कार्य निर्बाध और सुरक्षित रूप से संचालित हो सके।
🖋️ प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी
कटिहार
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



