
कटिहार (बिहार)
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मनरेगा बचाओ अभियान के तहत सांसद तारिक अनवर मंगलवार को प्राणपुर प्रखंड की उत्तरी लालगंज पंचायत अंतर्गत बंगुरूवा और नंदसुरी गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बड़ी संख्या में मौजूद मनरेगा मजदूरों और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
सभा को संबोधित करते हुए सांसद तारिक अनवर ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सुनियोजित तरीके से मनरेगा योजना को कमजोर करने का काम कर रही है। योजना से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाने की कोशिश उसी सोच का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पहले मनरेगा मजदूरी का भुगतान पूरी तरह केंद्र सरकार करती थी, लेकिन अब इसे 60 प्रतिशत केंद्र और 40 प्रतिशत राज्य के जिम्मे कर दिया गया है, जिससे राज्यों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा और मजदूरों को समय पर भुगतान मिलना कठिन हो जाएगा।
सांसद ने कहा कि नियमों में बार बार बदलाव कर मजदूरों के लिए काम पाना भी मुश्किल बनाया जा रहा है। इसका सीधा असर गरीब और ग्रामीण परिवारों की रोजी रोटी पर पड़ रहा है।
इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं से सांसद को अवगत कराया। लाभा से झौआ तक महानंदा तटबंध की सड़क जर्जर होने की शिकायत पर सांसद ने मौके से ही कार्यपालक अभियंता से फोन पर बात की। अभियंता ने स्वीकृति मिलते ही मरम्मत कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने बंगुरूवा बांध ढाला के पास धार में पुल नहीं होने से किसानों को हो रही परेशानी की ओर भी ध्यान दिलाया। इस पर सांसद ने संबंधित विभाग से बात कर समाधान का भरोसा दिलाया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील कुमार यादव और सांसद तारिक अनवर ने ग्रामीणों से मनरेगा बचाओ अभियान से जुड़ने की अपील की। मजदूरों ने भी हाथ उठाकर इस मुहिम में साथ देने का संकल्प जताया।

इस अवसर पर मो सऊद आलम, मुखिया तनवीर अहमद, मो वहाब, मो रफीक, अकमल, मो नसीम, मो अस्लउद्दीन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



