
मड़ावरा (ललितपुर)
कस्बा मड़ावरा में स्वर्गीय सावित्रीदेवी घनश्यामदास रावत की पुण्य स्मृति में मोती महराज मंदिर के समीप स्थित लाला ग्राउंड पर आयोजित टी 20 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को शेरा क्लब बबीना और नृसिंह क्लब रनगांव के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में बबीना टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रनगांव को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
टॉस जीतकर बबीना के कप्तान जितेंद्र ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। सलामी बल्लेबाज आकाश राय ने क्रीज पर उतरते ही आक्रामक अंदाज में खेलते हुए सात छक्कों की मदद से शानदार 60 रन बनाए। तौफीक और रोहित जरया ने भी उपयोगी योगदान दिया। हालांकि रनगांव के गेंदबाज राघवेंद्र ने चार विकेट और अंकित यादव ने तीन विकेट लेकर प्रभावी गेंदबाजी की, जिससे बबीना की पूरी टीम 14वें ओवर में 158 रनों पर सिमट गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रनगांव टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और सलामी बल्लेबाज यशपाल दूसरी ही गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद नीरज, धर्मेंद्र और राजीव ने पारी संभालने का प्रयास किया, जबकि प्रदीप यादव ने 42 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली। बावजूद इसके बबीना की सधी हुई गेंदबाजी और चुस्त क्षेत्ररक्षण के सामने रनगांव की पूरी टीम 100 रनों पर ऑल आउट हो गई। बबीना के फैजान ने तीन विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
शानदार अर्धशतक लगाने वाले आकाश राय को फाइनल मुकाबले का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में 133 रन और 13 विकेट हासिल करने वाले धर्मेंद्र पटेल को श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
समापन समारोह में विजेता टीम के कप्तान को जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि दिग्विजय सिंह, डॉ नवदीप रावत और दिनेश नारायण सोनी द्वारा ट्रॉफी एवं 41 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। उपविजेता टीम को जिला पंचायत सदस्य नाराहट मनोज कुशवाहा, ठेकेदार सुंदरलाल कुशवाहा और अंगद पटेल प्यासा द्वारा ट्रॉफी एवं 21 हजार रुपये की नगद राशि भेंट की गई।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले अंपायर पैनल, कॉमेंटेटर, स्कोरर, मीडिया प्रभारी और आयोजन समिति के सदस्यों को भी स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
रिपोर्ट – कमलेश कश्यप
मड़ावरा (ललितपुर)
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



