
महराजगंज
महराजगंज जनपद के निचलौल थाना परिसर में बुधवार दोपहर पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने नवनिर्मित मुख्य गेट का फीता काटकर विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने पूरे थाना परिसर का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
लोकार्पण के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद करते हुए कहा कि मजबूत आधारभूत संरचना और बेहतर सुविधाएं पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, संवेदनशील और जनहितकारी बनाती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ रखने, जनसंपर्क को मजबूत करने तथा थाना स्तर पर स्वच्छता, अनुशासन और समयबद्ध कार्यप्रणाली को अनिवार्य रूप से अपनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है, जिसे बेहतर व्यवहार और कार्यशैली से और मजबूत किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ आपसी संवाद किया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी शिव प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा, वरिष्ठ उप निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सहित सकलदीप सिंह, भारत मिश्रा, प्रधान यादव, बृजेश सिंह, विशाल सिंह, मनीष सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
स्थानीय नागरिकों ने नवनिर्मित मुख्य गेट के लोकार्पण को थाना परिसर की सुरक्षा, अनुशासन और पहचान के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम बताया और पुलिस प्रशासन की सराहना की।
रिपोर्ट – धनंजय पटेल
जिला ब्यूरो – महराजगंज
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



