Bihar ; स्कूल से चावल निकलते देख क्यों भड़के ग्रामीण
आदर्श मध्य विद्यालय खैरा में एमडीएम चावल चोरी के आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद हंगामा

कटिहार
आदर्श मध्य विद्यालय खैरा में मध्याह्न भोजन योजना के चावल की कथित चोरी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। विद्यालय परिसर से चावल के बोरे बाहर ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सोमवार और मंगलवार को क्षेत्र में हड़कंप मच गया और विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा हुआ।
ग्रामीणों का आरोप है कि सोमवार को लगभग तीन बजे विद्यालय परिसर से चावल के बोरे एक टोटो पर लादकर बाहर ले जाए जा रहे थे। उस समय विद्यालय के प्रधानाध्यापक भोला प्रसाद मंडल भी मौके पर मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड संख्या दस के सदस्य ज्योतिष मंडल सहित कई ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और चावल चोरी का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार की सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्कूली बच्चों के अभिभावक विद्यालय परिसर पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
वहीं प्रधानाध्यापक भोला प्रसाद मंडल ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि चावल किसी अन्य विद्यालय से मंगाया गया था और उसे वापस भेजा जा रहा था। उन्होंने चोरी के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है। प्रशासन द्वारा वीडियो की सत्यता सहित पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



