
कटिहार (बिहार)
पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय कटिहार परिसर में एनसीसी A प्रमाणपत्र वितरण समारोह का आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के 36 एनसीसी कैडेट्स को उनके सफल प्रशिक्षण के लिए प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
समारोह में विद्यालय के प्राचार्य असद अली खान, उप प्राचार्य निशांत कुमार सिंह एवं प्रधानाध्यापक अमित कुमार ने संयुक्त रूप से कैडेट्स को एनसीसी A प्रमाणपत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
दो वर्षों के प्रशिक्षण का मिला प्रतिफल
प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले सभी कैडेट्स ने लगातार दो वर्षों तक एनसीसी का नियमित प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान कैडेट्स को शारीरिक प्रशिक्षण, अनुशासन, साहसिक गतिविधियों और हथियार संचालन से संबंधित अभ्यास कराया गया।
इसके साथ ही कैडेट्स में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और राष्ट्र सेवा की भावना को भी विकसित किया गया।
प्राचार्य ने किया कैडेट्स का उत्साहवर्धन
इस अवसर पर प्राचार्य असद अली खान ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी A प्रमाणपत्र केवल एक उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखता है।
उन्होंने कैडेट्स से आह्वान किया कि वे राष्ट्र सेवा और सामाजिक दायित्वों के प्रति सदैव समर्पित रहें।
आयोजन में शिक्षकों का रहा योगदान
समारोह के सफल आयोजन में विद्यालय के संगणक शिक्षक शम्स तबरेज एवं प्राथमिक शिक्षक हरिओम का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर एनसीसी पदाधिकारी संग्राम सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
समारोह के साथ विद्यालय परिसर में अनुशासन, गर्व और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



