Uttar Pradesh; मड़ावरा की बेटी हिमांशी जैन की बड़ी कामयाबी
वर्णी बाल मंदिर में हुआ भव्य स्वागत, गुरुजनों और समाज ने सराहा संघर्ष

मड़ावरा / ललितपुर
मड़ावरा की बेटी हिमांशी जैन ने पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनके गृह नगर पहुंचने पर जगह-जगह स्वागत किया गया और वर्णी बाल मंदिर मड़ावरा में भव्य सम्मान समारोह आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में हिमांशी जैन ने अपने गुरुजनों का आशीर्वाद लिया और अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों, परिवार और समाज को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि कोरोना काल में पिता स्वर्गीय सुनील कुमार जैन के निधन के बाद परिस्थितियां बेहद कठिन हो गई थीं, लेकिन गुरुजनों और परिवार के सहयोग से उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लगातार मेहनत जारी रखी।
हिमांशी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि कठिन विषय भी निरंतर अभ्यास और सही मार्गदर्शन से आसान हो जाते हैं। उन्होंने संस्कृत विषय को लेकर अपने अनुभव साझा किए और कहा कि नियमित अभ्यास से सफलता संभव हुई।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक डॉ शिखर चंद सिलोनिया उपस्थित रहे। उनके गुरु रमेश चंद्र जैन ने कहा कि हिमांशी की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्या अंकिता सेठ के नेतृत्व में विद्यालय स्टाफ ने कार्यक्रम को सफल बनाया। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग और शुभचिंतक मौजूद रहे।
हिमांशी जैन वर्तमान में यूपीपीसीएस के तहत असिस्टेंट कमिश्नर वाणिज्य कर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस सफलता से क्षेत्र के युवाओं में नई प्रेरणा का संचार हुआ है।
रिपोर्ट – आर के पटेल
ललितपुर
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



