Uttar Pradesh; पंचायत सहायकों का फूटा आक्रोश
परतावल में ज्ञापन देकर उठाई समस्याएं, कार्य के दबाव और मानदेय पर सवाल

परतावल
परतावल ब्लॉक में पंचायत सहायकों ने अपनी समस्याओं को लेकर विरोध जताया और खंड विकास अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन एडीओ समाज कल्याण अधिकारी को दिया गया।
ब्लॉक अध्यक्ष के नेतृत्व में सहायकों ने कार्यों के स्पष्ट बंटवारे की मांग की। उनका कहना है कि एक साथ कई विभागों के काम कराए जा रहे हैं, जिससे अत्यधिक दबाव बन रहा है।
पंचायत सहायकों के अनुसार उन्हें फार्मर रजिस्ट्री, आयुष्मान कार्ड, सर्वे और वोटर लिस्ट जैसे कई कार्य करने पड़ रहे हैं। इसके कारण उन्हें सुबह से देर रात तक फील्ड में रहना पड़ता है।
सहायकों ने कहा कि वे पंचायत राज विभाग से जुड़े हैं, लेकिन उनसे अन्य विभागों के कार्य भी कराए जा रहे हैं।
महिला पंचायत सहायकों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि देर रात तक फील्ड में काम करना पड़ता है, जिससे परेशानी होती है।
सहायकों ने कम मानदेय और भुगतान में देरी को भी बड़ी समस्या बताया। उन्होंने मानदेय बढ़ाने और समय से भुगतान की मांग की।
उन्होंने यह भी कहा कि फील्ड कार्य अधिक होने के कारण पंचायत भवन नियमित रूप से नहीं खुल पाता, जिसका गलत प्रचार किया जा रहा है।
रिपोर्ट – धनंजय पटेल
जिला ब्यूरो – महराजगंज
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



