Uttar Pradesh ; पशु चोरी गिरोह पर नाराहट पुलिस का बड़ा वार
फरार आरोपी गिरफ्तार, पहले ही पांच अभियुक्त जा चुके हैं जेल

ललितपुर
जिले में पशु चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए थाना नाराहट पुलिस ने एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ पशु चोरी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह और क्षेत्राधिकारी पाली अजय कुमार के निकट पर्यवेक्षण में थाना नाराहट पुलिस ने आरोपी रामजी पुत्र शिवलाल निवासी नाराहट को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी थाना नाराहट में दर्ज मु.अ.सं. 106/2026 धारा 303(2), 317(2) बीएनएस और धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960, मु.अ.सं. 103/2026 धारा 303(2) बीएनएस तथा मु.अ.सं. 118/2026 धारा 303(2) बीएनएस के मामलों में वांछित चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में लगातार मिल रही पशु चोरी की शिकायतों के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की।
इस मामले में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं शनिवार को फरार चल रहे रामजी को भी दबोच लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह, उपनिरीक्षक वरुण कुमार गौतम और कांस्टेबल लोहा सिंह शामिल रहे।
रिपोर्ट- आर के पटेल
ब्यूरो, ललितपुर
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



