Uttar Pradesh; रक्षाबंधन पर डीएम का संदेश, बेटियों के सम्मान और सुरक्षा पर जोर
शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का आह्वान

ललितपुर
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर जनपदवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस पर्व को भाई बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और एक दूसरे की रक्षा के संकल्प का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल परंपरा तक सीमित न रहकर समाज में बेटियों के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश देता है। जनपद में आर्थिक और शैक्षिक चुनौतियों के कारण कई परिवारों में बेटियों की पढ़ाई प्रभावित होती है और बाल विवाह जैसी कुरीतियां उनके भविष्य में बाधा बनती हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। आवश्यक है कि इन योजनाओं का लाभ हर पात्र बेटी तक पहुंचे और कोई भी बेटी किसी भी कारण से शिक्षा से वंचित न रहे।
उन्होंने सभी लोगों से आह्वान किया कि रक्षाबंधन के अवसर पर बाल विवाह को रोकने, बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और उनके सम्मान व सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जब बेटियां शिक्षित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर होंगी, तभी समाज और जनपद का समग्र विकास संभव होगा। यह पर्व सभी के जीवन में प्रेम, सौहार्द और खुशहाली लाए, यही कामना है।
रिपोर्ट- आर के पटेल
समाचार तक- बेबाक खबर, बड़ा असर
samachartak.co.in



