
कटिहार (बिहार)।
भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने पर कटिहार में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। बिहार के लाल नितिन नवीन के भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की खबर सामने आते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भर गया। भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज राय के नेतृत्व में कार्यकर्ता शहर के शहीद चौक पर एकत्र हुए और पटाखे फोड़कर तथा मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि नितिन नवीन एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में संगठन से जुड़े और अपने परिश्रम, निष्ठा तथा संगठनात्मक क्षमता के बल पर आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने पांच बार विधायक रहने के साथ बिहार सरकार में विभिन्न विभागों के मंत्री पद की जिम्मेदारी निभाई और संगठन में भी कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफल निर्वहन किया है।
मनोज राय ने कहा कि नितिन नवीन की दूरदर्शी सोच, मजबूत नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रहित के प्रति अटूट समर्पण से भारतीय जनता पार्टी और अधिक सशक्त होगी। उनके नेतृत्व में पार्टी जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ नई ऊंचाइयों को छुएगी।
जश्न के दौरान पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, जिला उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश चौधरी, जिला मंत्री गौरव पासवान, आलोक मंडल, छाया तिवारी, प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा सीमा झा, जिला प्रवक्ता महेंद्र झा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रियंका सिंह, जैक्शन यादव, सोनू सिन्हा, अंकित मालाकार, पिंटू भगत, नगर अध्यक्ष निलेश ठाकुर, राजेश शर्मा, आरती देवी, बुलबुल सिंह, चांदनी देवी, रविंद्र पोद्दार, श्वेता राय, राम यादव, प्रमोद महतो, अजय दास, भास्कर सिंह सहित बड़ी संख्या में जिला और मंडल स्तर के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं ने नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने को न सिर्फ बिहार बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का क्षण बताया।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



