
किशनगंज (बिहार)
जिला परिषद सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की समीक्षा बैठक में उस समय माहौल गरमा गया, जब सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने विभिन्न सरकारी योजनाओं में अनियमितताओं और विकास कार्यों में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद ने अधिकारियों को दो टूक चेतावनी दी कि सरकारी योजनाओं में लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करें, ताकि योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर पहुंच सके।
सांसद ने कहा कि लंबित परियोजनाओं में तेजी लाई जाए और जनता की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में देरी से जनता में नाराजगी बढ़ रही है, जिसे गंभीरता से लेने की जरूरत है।
बैठक में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान कई योजनाओं की प्रगति पर सवाल उठे, जिसके बाद संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से जनता के प्रति जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया।
बैठक में किशनगंज विधायक कमरुल होदा, जिला परिषद चेयरमैन रुकैया बेगम, नगर परिषद चेयरमैन इंद्रदेव पासवान, जिलाधिकारी विशाल राज, उपविकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा और वरीय समाहर्ता अर्मेन्द्र कुमार पंकज समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



