
पूर्णिया
पूर्णिया जिले के बनमनखी अनुमंडल में प्रशासन ने फर्जी क्लीनिक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान अवैध रूप से संचालित एक क्लीनिक को सील कर दिया गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम जब मौके पर पहुंची तो क्लीनिक के मुख्य द्वार पर ताला लटका हुआ था। अंदर से आवाजें आने पर मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद प्रशासन ने ताला तुड़वाकर जांच शुरू की।
दरवाजा खुलते ही अंदर बिना योग्य चिकित्सक के मरीजों का इलाज होता मिला। मौके पर मौजूद कर्मी कोई वैध दस्तावेज या पंजीकरण प्रस्तुत नहीं कर सकी।
जांच में क्लीनिक पूरी तरह अवैध पाया गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल प्रभाव से उसे सील कर दिया।
प्रशासन ने क्लीनिक संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
साथ ही लोगों से अपील की गई है कि इलाज के लिए केवल पंजीकृत अस्पतालों और योग्य डॉक्टरों के पास ही जाएं।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



