
कटिहार (बिहार)
कटिहार रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) किरेन्द्र नरह ने शुक्रवार को कटिहार रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन की स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और रखरखाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सफाई व्यवस्था पर दिया विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने विभिन्न प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। इसलिए सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
यात्री सुविधाओं की भी जांच
डीआरएम ने स्टेशन परिसर स्थित रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और यात्रियों को मिल रही सुविधाओं का भी जायजा लिया। इसके अलावा स्टेशन पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
हरित क्षेत्र के रखरखाव के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर में लगाए गए पौधों और ग्रीन जोन का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रखरखाव और हरित क्षेत्र की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मानकों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश
डीआरएम किरेन्द्र नरह ने कहा कि रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करने और व्यवस्थाओं में लगातार सुधार लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल के कई वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी, कटिहार (बिहार)
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



