
पटना (बिहार)
पटना के मुसल्लहपुर स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान में गुरुवार को आग लगने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के बाद परिसर में धुआं भर गया। हालांकि कोचिंग प्रबंधन की सतर्कता से सभी छात्र और कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।
दमकल टीम ने तुरंत संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। इसके कारण बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि कदमकुआं थाना पुलिस ने शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई है। मामले की जांच जारी है।
पहले भी मिला था नोटिस
जानकारी के अनुसार, सात जून और 23 जून को अग्निशमन विभाग ने संस्थान का फायर सेफ्टी ऑडिट किया था। जांच के दौरान कुछ कमियां मिली थीं। विभाग ने संस्थान प्रबंधन को आवश्यक सुधार के लिए समय भी दिया था।
प्रशासन कर रहा जांच
पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
रिपोर्ट : प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



