
कटिहार
कटिहार शहर के दुर्गास्थान स्थित समता ग्रामीण विकास संगठन के कार्यालय परिसर में रविवार को कार्यकारिणी बैठक एवं वार्षिक आम सभा का आयोजन किया गया। संस्था के अध्यक्ष ललित कुमार विश्वास की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बीते वर्ष के कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी योजनाओं का खाका तैयार किया गया।
बैठक के दौरान संस्था के सचिव किशोर कुमार मंडल ने वार्षिक प्रतिवेदन और लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने संगठन की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संस्था समाज के वंचित और कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि गरीब बस्तियों और एससी एसटी टोलों में कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य सुधार के लिए मुफ्त दूध वितरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही बच्चों को स्कूल पूर्व शिक्षा प्रदान कर उनकी शैक्षणिक नींव मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
सचिव ने बताया कि संस्था द्वारा राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में छह पोषण पुनर्वास केंद्रों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल अधिकार संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता जैसे मुद्दों पर संगठन सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
आगामी योजनाओं को लेकर उन्होंने कहा कि संस्था आने वाले समय में अपने कार्यों को और अधिक संगठित और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगी।
सभा में उपस्थित वक्ताओं ने संगठन के कार्यों और नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि समता ग्रामीण विकास अब जिले से निकलकर राज्य स्तर पर पहचान बना चुका है और वंचितों की आवाज बनकर उभर रहा है।
कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने सामाजिक सेवा के इस अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
जिल प्रमंडल प्रभारी – पूर्णिया
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



