
रोहतास
रोहतास जिले के राजपुर प्रखंड स्थित एक सरकारी विद्यालय में संदिग्ध मांस मिलने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
बताया गया कि विद्यालय के एक कक्ष से दुर्गंध आने की शिकायत बच्चों ने अपने परिजनों से की थी। इसके बाद ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर जांच की, जहां प्लास्टिक की थैलियों में मांस जैसा पदार्थ मिलने की बात सामने आई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और शिक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई की।
प्रशासन ने हेडमास्टर सहित कुल पांच शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा संबंधित कर्मियों पर भी कार्रवाई की गई है और कुछ को स्थानांतरित किया गया है।
बरामद सामग्री को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद पदार्थ क्या था और इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।
घटना के बाद अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है। कई लोगों ने आशंका जताई है कि इसका संबंध मिड डे मील से हो सकता है, हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि बच्चों के भोजन और व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर


