Bihar ; विधायक कमरुल होदा का मंच से फूटा गुस्सा
खनन विभाग और स्वास्थ्य सेवाओं में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, बोले- सिस्टम में मिलीभगत से चल रहा खेल

किशनगंज (बिहार)
किशनगंज जिला कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित संगठन सृजन अभियान के दौरान राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब किशनगंज विधायक कमरुल होदा ने मंच से जिले की प्रशासनिक व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। विधायक ने खनन विभाग और स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कई चौंकाने वाले दावे किए।
कार्यक्रम में संगठन सृजन अभियान के किशनगंज प्रभारी प्रेम राय और शेख सद्दाम, जिला अध्यक्ष सहबूल अख्तर, पूर्व जिला अध्यक्ष इमाम अली चिंटू, युवा जिला अध्यक्ष आजाद साहिल, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ईला देवी, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के समशेर अहमद दारा, नगर अध्यक्ष सजल कुमार साहा और अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मनोज पासवान सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
अवैध खनन को लेकर विधायक ने कहा कि जिले में खुलेआम बालू खनन का खेल चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि जब वे खुद मामले की जानकारी लेने खनन विभाग के कार्यालय पहुंचे, तो अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय में ताला लगाकर मौके से भाग गए।
कमरुल होदा ने कहा कि अधिकारियों का इस तरह गायब हो जाना इस बात का संकेत है कि अवैध खनन के पूरे नेटवर्क में विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों की मिलीभगत हो सकती है। उन्होंने कहा कि जिले में नियमों को ताक पर रखकर खनन का कारोबार संचालित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग को लेकर विधायक ने कहा कि गरीब मरीजों का इलाज अब शोषण का माध्यम बनता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई डॉक्टर मरीजों को अनावश्यक मेडिकल जांच लिखते हैं और निजी पैथोलॉजी लैब से कथित सांठगांठ के जरिए आर्थिक लाभ उठाया जाता है।
विधायक ने कहा कि गरीब मरीज भारी फीस देने के बाद भी अनगिनत टेस्ट कराने को मजबूर हो जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाज के नाम पर आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।
कमरुल होदा के इस बयान के बाद जिले की प्रशासनिक और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में दिए गए इस बयान को लेकर अब विपक्ष और प्रशासन दोनों की प्रतिक्रियाओं पर नजर बनी हुई है।
रिपोर्ट- प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



