
कटिहार (बिहार)
जिले में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और आय बढ़ाने के उद्देश्य से आत्मा के सौजन्य से आयोजित दो दिवसीय कृषि मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला दंडाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि मेला किसानों के लिए नई तकनीक सीखने, विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का प्रभावी मंच है। उन्होंने वैज्ञानिक खेती, जल संरक्षण और फसल विविधीकरण पर जोर देते हुए किसानों से नवाचार अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में अपर जिला पदाधिकारी विनोद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रद्युम्न सिंह यादव, संयुक्त निदेशक पूर्णिया प्रमंडल मनोज कुमार, कृषि पदाधिकारी मिथिलेश कुमार, उपनिदेशक आत्मा शशिकांत झा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिले के अलग अलग प्रखंडों से बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।
मेले में आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन, उन्नत बीजों की जानकारी, पशुपालन और मत्स्य पालन से जुड़े स्टॉल लगाए गए हैं। विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी सत्र आयोजित कर किसानों को समेकित कृषि प्रणाली अपनाने की जानकारी दी जा रही है।
दो दिवसीय इस आयोजन से किसानों को प्रशिक्षण, नवाचार और बाजार से जुड़ाव का लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
प्रमंडल प्रभारी पूर्णिया
कटिहार (बिहार)
समाचार तक
बेबाक खबर बड़ा असर



