
कटिहार (बिहार)
कटिहार शहर के बिनोदपुर स्थित कैलाश उत्सव हॉल के सेवा परिसर में इस्कॉन कटिहार शाखा द्वारा भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रीमद्भगवद्गीता पाठ और दिव्य प्रवचन का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गीता के संदेशों का श्रवण किया।
कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। श्रद्धालुओं ने हरिनाम संकीर्तन और गीता प्रवचन में पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्रभु सब्यसाची दास ने श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों की सरल और प्रेरक व्याख्या करते हुए धर्म, कर्म और भक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गीता का संदेश मानव जीवन को सही दिशा देने और मानसिक शांति प्रदान करने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में प्रिंस प्रभु, प्रियांशु प्रभु, उज्जवल प्रभु और दीपक प्रभु की उपस्थिति में लगातार हरिनाम संकीर्तन गूंजता रहा। इस पूरे आयोजन के मुख्य उद्योगता ललित माधव दास रहे, जिनकी देखरेख में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
आध्यात्मिक समागम में सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े कई प्रबुद्ध लोग भी शामिल हुए। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता प्रेम राय और कटिहार कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी जिला अध्यक्ष सौरभ कुमार ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर गीता प्रवचन का श्रवण किया।
उपस्थित श्रद्धालुओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं के बीच श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद का वितरण किया गया।
रिपोर्ट- प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



