Bihar ; कटिहार में रेलवे तार चोरी कांड का खुलासा, रिसीवर गिरफ्तार
चोरी के ओएचई कैटेनरी तार के साथ दबोचा गया आरोपी, आरपीएफ ने मांगी एक दिन की रिमांड

कटिहार (बिहार)
रेलवे सुरक्षा बल ईस्ट पोस्ट कटिहार को रेल संपत्ति चोरी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए चोरी के रेलवे ओएचई कैटेनरी तार खरीदने वाले एक मुख्य रिसीवर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को उस समय पकड़ा गया, जब वह मोटरसाइकिल से चोरी के तारों को ठिकाने लगाने के लिए डलन की ओर जा रहा था।
मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर बबलू को मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 38 वर्षीय मुकीम पुत्र शाइबुर रहमान निवासी हथियादियारा, कटिहार के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से रेलवे के ओएचई कैटेनरी तार के 30 कटे हुए टुकड़े बरामद किए गए। आरपीएफ के अनुसार बरामद रेल संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 9800 रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में आरपीएफ पोस्ट कटिहार ईस्ट में कांड संख्या 13/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ रेल संपत्ति अवैध कब्जा अधिनियम की धारा 3(ए) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को 18 मई 2026 को न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही चोरी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य अपराधियों और मुख्य सरगनाओं तक पहुंचने के लिए आरोपी की एक दिन की आरपीएफ कस्टडी रिमांड मांगी जाएगी।
रेलवे सुरक्षा बल का कहना है कि रेल संपत्ति चोरी करने वाले गिरोहों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट – प्रीतम चक्रवर्ती
पूर्णिया प्रमंडल प्रभारी
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



