Madhya Pradesh; दो महीने बाद खुला डांसर हत्याकांड का राज, बेटी से संबंध बनने पर हुआ था विवाद
सागर के खुरई में पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, डबल बेड में छिपाया था शव

खुरई (सागर, मध्यप्रदेश)
सागर जिले के खुरई ग्रामीण थाना क्षेत्र में दो महीने पुराने चर्चित महिला डांसर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी के मृतका की बेटी से भी संबंध बन गए थे। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
डबल बेड के बॉक्स में मिला था शव
थाना प्रभारी संतोष सिंह दांगी ने बताया कि आरोपी सुरेंद्र अहिरवार महिला डांसर के साथ नाच-गाने के कार्यक्रमों में जुड़ा था। वह कार्यक्रमों की बुकिंग और अन्य व्यवस्थाएं देखता था।
इसी बीच 11 अप्रैल को महिला के बेटे और बेटी ने गुमशुदगी दर्ज कराई। परिजन रिश्तेदारी से लौटे तो मकान पर ताला लगा मिला। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में घर खोला गया। घर के अंदर से बदबू आ रही थी। तलाशी के दौरान महिला का शव डबल बेड के बॉक्स में छिपा मिला। तब तक शव सड़-गल चुका था।
बेटी से संबंध बनने के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस जांच में पता चला कि महिला और आरोपी करीला मेले से लौटे थे। चार अप्रैल को दोनों खुरई पहुंचे थे। अगले दिन रात में दोनों के बीच विवाद हुआ।
हालांकि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके मृतका की बेटी से भी संबंध बन गए थे। जब महिला को इसकी जानकारी हुई तो उसने विरोध किया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई।
इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर महिला का गला दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई।
सबूत मिटाने के लिए शव छिपाया
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने शव को डबल बेड के बॉक्स में छिपा दिया। इसके बाद मकान में ताला लगाकर फरार हो गया।
वहीं पुलिस लगातार मामले की जांच करती रही। आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्ट – समाचार तक, खुरई सागर मध्यप्रदेश
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



