National ; “काकरोच जनता पार्टी” ने बढ़ाई सिस्टम की बेचैनी
सोशल मीडिया पर युवाओं का डिजिटल विस्फोट, बवाल बढ़ने के बाद CJI की सफाई पर भी उठे सवाल

नई दिल्ली
देशभर में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे “काकरोच जनता पार्टी” यानी CJP अभियान ने अब बड़ा राजनीतिक और सामाजिक रूप ले लिया है। इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स पर लाखों युवाओं द्वारा चलाया जा रहा यह डिजिटल ट्रेंड अब बेरोजगारी, भर्ती घोटालों और सिस्टम के खिलाफ गुस्से का प्रतीक बनता जा रहा है।
पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब सुप्रीम कोर्ट की एक सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत की कथित टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इसके बाद युवाओं ने इसे अपने सम्मान से जोड़ लिया और देखते ही देखते “Cockroach Janata Party” नाम से ऑनलाइन विरोध शुरू हो गया।
सोशल मीडिया पर हजारों मीम्स, वीडियो और पोस्ट वायरल होने लगे। लाखों युवाओं ने खुद को व्यंग्यात्मक तरीके से “काकरोच” बताते हुए सिस्टम के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। कई यूजर्स का कहना है कि वर्षों से भर्ती परीक्षाओं में देरी, पेपर लीक, बेरोजगारी और नौकरियों की कमी ने युवाओं को अंदर तक तोड़ दिया है।
विवाद बढ़ने के बाद अब सुप्रीम कोर्ट की ओर से सफाई भी सामने आई है। कहा गया कि बयान को गलत तरीके से पेश किया गया और उसका आशय पूरे युवा वर्ग से नहीं था। लेकिन सोशल मीडिया पर कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि बयान का अर्थ सही था तो फिर सफाई देने की जरूरत क्यों पड़ी।
यही वजह है कि “काकरोच जनता पार्टी” अब केवल एक सोशल मीडिया ट्रेंड नहीं, बल्कि युवाओं के भीतर जमा आक्रोश का बड़ा प्रतीक बनता दिखाई दे रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह डिजिटल दौर का नया विरोध मॉडल है, जहां युवा बिना किसी संगठन के सोशल मीडिया के जरिए अपनी नाराजगी राष्ट्रीय मुद्दा बना रहे हैं।
चर्चा इस बात की भी हो रही है कि देश की बड़ी राजनीतिक पार्टियों को जहां वर्षों में जनसमर्थन मिलता है, वहीं एक व्यंग्यात्मक ऑनलाइन अभियान का कुछ ही घंटों में लाखों लोगों तक पहुंच जाना सिस्टम के प्रति बढ़ती नाराजगी का संकेत है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया अब केवल मनोरंजन का प्लेटफॉर्म नहीं रह गया है। यह युवाओं के गुस्से, असंतोष और राजनीतिक प्रतिक्रिया का सबसे बड़ा माध्यम बन चुका है।
विपक्षी दल इस ट्रेंड को बेरोजगार युवाओं की आवाज बता रहे हैं, जबकि सत्ता पक्ष इसे डिजिटल अतिशयोक्ति कह रहा है। हालांकि इतना साफ दिख रहा है कि देश का युवा अब अपनी बात खुलकर और संगठित तरीके से रखने लगा है।
फोटो कैप्शन – सोशल मीडिया पर वायरल “काकरोच जनता पार्टी” अभियान से जुड़े पोस्ट और स्क्रीनशॉट।
आर के पटेल
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



