Uttar Pradesh; सहकारिता भवन में गूंजा नाम, निर्विरोध अध्यक्ष बने चौधरी शिवेंद्र सिंह
लखनऊ में उत्तर प्रदेश कोपरेटिव यूनियन के अध्यक्ष चुने गए, भाजपा नेताओं ने दी बधाई

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश कोपरेटिव यूनियन अध्यक्ष निर्वाचन में फरेंदा के पूर्व विधायक चौधरी शिवेंद्र सिंह का निर्विरोध चयन किया गया। लखनऊ स्थित सहकारिता भवन में संपन्न प्रक्रिया के बाद उन्हें सर्वसम्मति से अध्यक्ष घोषित किया गया।
नामांकन के पश्चात उनके पक्ष में व्यापक सहमति बनी और किसी अन्य प्रत्याशी के मैदान में न होने के कारण उनका निर्विरोध निर्वाचन सुनिश्चित हुआ। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया और सहकारिता भवन नारों से गूंज उठा।
उनके निर्वाचन पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी। नेताओं ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में कार्यकर्ता आधारित राजनीति को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे समर्पित लोगों को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने इसे पारदर्शी व्यवस्था का उदाहरण बताते हुए कहा कि यह चयन कार्यकर्ताओं की मेहनत का सम्मान है। वहीं विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र प्रदेश के आर्थिक और ग्रामीण विकास का महत्वपूर्ण आधार है और अनुभवी नेतृत्व से इसमें सकारात्मक परिवर्तन आएंगे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष चौधरी शिवेंद्र सिंह ने कहा कि उन्हें मिली जिम्मेदारी को वे पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने और किसानों के हितों की रक्षा करने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
रिपोर्ट – धनंजय पटेल, महराजगंज
समाचार तक, बेबाक खबर, बड़ा असर
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)



