Uttar Pradesh; अंबेडकर जयंती पर शहर होगा गुलजार
भव्य कलम यात्रा और जिला स्तरीय आयोजन, हजारों की भागीदारी की तैयारी

ललितपुर
भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर ललितपुर में आज भव्य जिला स्तरीय आयोजन होने जा रहा है। अहिरवार समाज महापंचायत के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर पूरे जनपद में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे अंबेडकर पार्क में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की जाएगी। इसके बाद शहर के प्रमुख मार्गों से भव्य कलम यात्रा निकाली जाएगी, जो आयोजन का मुख्य आकर्षण होगी।
यह कलम यात्रा सदर कांटा, घंटाघर, सावरकर चौक, साईं मंदिर, तुवन चौराहा और कलेक्ट्रेट होते हुए गिन्नौट बाग पहुंचेगी, जहां मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
गिन्नौट बाग में महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण, अतिथियों का स्वागत और सम्मान समारोह आयोजित होगा। इसके साथ ही विचार गोष्ठी में बाबा साहेब के जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्वामी प्रसाद मौर्य सहित कई गणमान्य लोग शामिल होंगे। बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी इस आयोजन को और भव्य बनाएगी।
जिलाध्यक्ष तुलसीराम अहिरवार ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं।
रिपोर्ट – आर के पटेल
ललितपुर
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



