Uttar Pradesh; बिजली समस्याओं पर आप का प्रदर्शन
निचलौल तहसील में प्रदर्शन कर चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा, 24 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग

महराजगंज।
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को निचलौल तहसील परिसर में बिजली व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन किया। जिला उपाध्यक्ष एवं सिसवा विधानसभा प्रभारी जाहिद अली के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए जिलाधिकारी के नाम चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
24 घंटे बिजली देने की मांग
ज्ञापन में भीषण गर्मी का हवाला देते हुए निचलौल क्षेत्र में बिजली कटौती तत्काल बंद करने और 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि लगातार हो रही कटौती से आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जर्जर पोल और तार बदलने की मांग
ज्ञापन में कहा गया कि आंधी-तूफान के कारण क्षेत्र के कई स्थानों पर बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कई जगह पोल और बिजली के तार लटक रहे हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। इन्हें तत्काल बदलने और मरम्मत कराने की मांग की गई।
ट्रांसफार्मर बदलने की उठाई मांग
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि निचलौल क्षेत्र के कई गांवों में पुराने और जर्जर ट्रांसफार्मर लगे हैं। उन्होंने इनकी जगह अधिक क्षमता वाले नए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग करते हुए कहा कि इससे बिजली आपूर्ति में सुधार होगा।
खराब मीटर और पोल लगाने की मांग
ज्ञापन में खराब और जले हुए बिजली मीटरों की जांच कर नए मीटर लगाने की मांग भी की गई। साथ ही जिन स्थानों पर अभी भी बांस-बल्ली के सहारे बिजली लाइन संचालित हो रही है, वहां स्थायी बिजली पोल लगाने की मांग उठाई गई।
प्रदर्शन के दौरान राधेश्याम यादव, शेराजुद्दीन अंसारी, ओमकार मिश्रा, ईश्वर चंद्र पटेल, धर्मध्वज, खुरशेद मलिक, दशरथ प्रजापति, रज्जाक अली, नईम अंसारी, सादिक अली, अनिरुद्ध, राजेश, जमदार अली, छोटू, नूर हसन, तैयब अली, अली हसन, अलाउद्दीन, मुबारक शाह, फैसल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट – धनंजय पटेल (महराजगंज)
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



