Uttar Pradesh ; ब्रह्माकुमारी संस्थान ने गांव-गांव पहुंचाया नशा मुक्ति का संदेश
चलचित्र और कुंभकरण झांकियों के माध्यम से लोगों को किया जागरूक, नशा छोड़ने की दिलाई शपथ

ललितपुर
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से जिले में नशा मुक्ति भारत अभियान लगातार चलाया जा रहा है। 2 अप्रैल से शुरू हुए इस अभियान के तहत ब्रह्माकुमारी संस्थान की टीम गांव-गांव पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर रही है।
अभियान के दौरान चलचित्र और कुंभकरण झांकियों के माध्यम से लोगों को नशा मुक्ति का संदेश दिया जा रहा है। साथ ही लोगों को नशा छोड़ने और सकारात्मक जीवन शैली अपनाने की शपथ भी दिलाई जा रही है।
अभियान का शुभारंभ परमात्म स्मृति के साथ किया गया। इस दौरान राजयोगिनी बीके चित्ररेखा दीदी, राजयोगिनी बीके मायारानी दीदी, बीके गीता दीदी, बीके प्रीती दीदी, बीके रुबी दीदी, बीके प्रियंका दीदी, बीके निशा बहन, बीके पूजा बहन, बीके शिवानी बहन, बीके यशवंत भाई और बीके रोहित भाई सहित ब्रह्माकुमारी परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
राजयोगिनी बीके चित्ररेखा दीदी ने अभियान वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। परिवार और समाज में जागरूकता फैलाकर लोगों को बेहतर जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कुंभकरण अपनी शक्तियों को पहचान नहीं पाया, उसी तरह नशे की गिरफ्त में आने वाला व्यक्ति भी अपने जीवन का उद्देश्य भूल जाता है।
बीके प्रीती दीदी ने कहा कि मानव शरीर परमात्मा का दिया हुआ अनमोल उपहार है। नशा व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर बना देता है। उन्होंने बताया कि नशे के कारण हृदय, फेफड़े, मस्तिष्क, लीवर और मुंह जैसी गंभीर बीमारियां पैदा हो सकती हैं।
मधुबन से आए बीके यशवंत भाई ने कहा कि शिक्षा, जागरूकता और सही मार्गदर्शन के माध्यम से ही समाज को नशे की बुराई से मुक्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकारी और गैर सरकारी संगठनों के सहयोग से यह अभियान और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न गांवों में पहुंचकर लोगों को नशा छोड़ने और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि नशा मुक्त समाज ही स्वस्थ और समृद्ध राष्ट्र की मजबूत नींव है।
फोटो कैप्शन – नशा मुक्ति भारत अभियान के दौरान सजाई गई कुंभकरण झांकी।
रिपोर्ट- आर के पटेल
ब्यूरो, ललितपुर
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



