Uttar Pradesh; गौ सम्मान को लेकर वकीलों का बड़ा अभियान
जिला बार भवन में हस्ताक्षर अभियान, अधिवक्ताओं ने लिया संरक्षण का संकल्प

ललितपुर
गौ माता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने और उनके संरक्षण की मांग को लेकर ललितपुर में अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर आवाज बुलंद की। जिला बार भवन में वृहद हस्ताक्षर अभियान और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लिया।
अभियान का नेतृत्व कर रहे अधिवक्ता गौपुत्र मनीष दुबे ने सभी उपस्थित अधिवक्ताओं को गौ माता की रक्षा और सम्मान के लिए संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि समाज की नैतिक जिम्मेदारी भी है।
कार्यक्रम के दौरान जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश घोष ने कहा कि समाज और कानून दोनों में गौ माता का विशेष स्थान होना चाहिए और उनके संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाए जाने जरूरी हैं।
वरिष्ठ अधिवक्ता शरद चौबे ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से जनभावनाओं को सरकार तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि गौ माता को संवैधानिक स्तर पर उचित सम्मान मिल सके।
इस अभियान में जनपद के वरिष्ठ और युवा अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और हस्ताक्षर कर समर्थन दिया। कार्यक्रम में कई प्रमुख अधिवक्ता और समाजसेवी मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि जो लोग कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, वे ऑनलाइन माध्यम से भी इस मुहिम का हिस्सा बन सकते हैं।
इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि गौ संरक्षण को लेकर समाज का जागरूक वर्ग अब संगठित होकर सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
रिपोर्ट – आर के पटेल
ललितपुर
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर


