
महराजगंज।
महराजगंज के जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज परिसर में गुरुवार को खाद्य एवं रसद विभाग की ओर से लाभार्थी एवं जनसंवाद सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने की, जबकि केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
सम्मेलन के दौरान 20 पात्र लाभार्थियों को नए राशन कार्ड वितरित किए गए। वहीं न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) योजना के तहत 10 किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी ली गई।
तीन माह में बनेंगे नए राशन कार्ड
खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने बताया कि आगामी तीन माह के भीतर पात्र गरीब परिवारों की पहचान कर उनके राशन कार्ड बनाए जाएंगे, ताकि कोई भी जरूरतमंद योजना से वंचित न रहे।
किसानों और गरीबों के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मंत्री ने कहा कि देश में करोड़ों लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही किसानों की उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, किसान और जरूरतमंद परिवारों के हित में लगातार काम कर रही है।
पंकज चौधरी ने गिनाईं उपलब्धियां
केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ लगातार अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, पूर्व विधायक बजरंगी सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने पात्र लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही, डिप्टी आरएमओ विवेक सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कोटेदार, ग्राम प्रधान तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी और आम नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – धनंजय पटेल (महराजगंज)
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



