Uttar Pradesh; खेत में मिला छात्र का शव, इलाके में सनसनी
रात में घर से निकला 12वीं का छात्र मृत मिला, हत्या की आशंका से दहशत

जनपद मऊ
मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र में एक छात्र का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मऊ हलधरपुर छात्र शव मामले ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
अरदौना गांव के रेहिया पुरवा निवासी 17 वर्षीय विपुल यादव का शव सोमवार सुबह गांव से करीब 200 मीटर दूर खेत में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार विपुल रविवार रात खाना खाने के बाद घर में सोया था। देर रात करीब 11 बजे किसी का फोन आने के बाद वह घर से बाहर चला गया और वापस नहीं लौटा। सुबह उसकी तलाश के दौरान खेत में उसका शव मिला।
मौके पर मृतक के सिर में चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। बाद में क्षेत्राधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग आपसी विवाद तो कुछ प्रेम प्रसंग की आशंका जता रहे हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। मृतक का मोबाइल अभी तक बरामद नहीं हो सका है।
मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
रिपोर्ट – अजीत पटेल
जिला ब्यूरो – जनपद मऊ
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



