Uttar Pradesh ; मड़ावरा चातुर्मास 2026 का भव्य शुभारंभ
600 किलोमीटर पदविहार के बाद मुनि निर्मद सागर और मुनि नीरज सागर का नगर प्रवेश, जैन समाज ने गाजे-बाजे के साथ की भव्य आगवानी

मड़ावरा (ललितपुर)
आचार्य श्री समय सागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद से वर्षायोग चातुर्मास 2026 के लिए मुनि श्री निर्मद सागर जी महाराज एवं मुनि श्री नीरज सागर जी महाराज का गुरुवार को वर्णी नगर मड़ावरा में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। दोनों मुनिराज छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव से लगभग 600 किलोमीटर का कठिन पदविहार पूर्ण कर मड़ावरा पहुंचे, जहां सकल दिगम्बर जैन समाज ने श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
मुनि संघ के आगमन की खुशी में सुबह से ही गिरार राजमार्ग स्थित दयोदय गौशाला परिसर में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवा श्रद्धालु एकत्रित हो गए थे। मुनि संघ के पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने धार्मिक जयघोष के बीच विनयपूर्वक आगवानी की। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। इसके बाद मुनि श्री ने गौशाला का अवलोकन किया और गौसेवा तथा जीवदया के महत्व पर प्रेरक संदेश दिया।
भव्य आगवानी के बाद मुनि संघ ने गौशाला से विहार किया। कस्बे की सीमा पर सकल दिगम्बर जैन समाज ने पुनः पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया। यहां से गाजे-बाजे, धार्मिक ध्वजों और जयघोष के बीच विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई महावीर विद्याविहार पहुंची। मार्ग में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर मुनि संघ का स्वागत किया।
शोभायात्रा के दौरान नवयुवतियों द्वारा प्रस्तुत दिव्य घोष सभी के आकर्षण का केंद्र रहा। समाज के विभिन्न संगठनों के सदस्य अपनी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए और पूरे नगर में धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु शोभायात्रा के साथ चलते हुए महावीर विद्याविहार पहुंचे।
महावीर विद्याविहार स्थित सभागार में मुनि संघ के विराजमान होने के बाद धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर राजनांदगांव से मड़ावरा तक लगभग 600 किलोमीटर के पदविहार में सहयोग करने वाले श्रद्धालुओं का समिति द्वारा सम्मान किया गया। समाज के वरिष्ठजनों ने इसे मड़ावरा के लिए सौभाग्य और ऐतिहासिक अवसर बताया।
चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन धर्मसभा, प्रवचन, स्वाध्याय, तप, संयम, पूजन एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जैन समाज के लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि मुनि संघ के सान्निध्य से पूरे क्षेत्र में धार्मिक चेतना, आध्यात्मिक जागरण और सामाजिक समरसता को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में सकल दिगम्बर जैन समाज मड़ावरा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में अनुशासन, श्रद्धा और धार्मिक उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
रिपोर्ट – आर. के. पटेल (ललितपुर)
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



