Uttar Pradesh; महाराणा प्रताप जयंती पर गूंजा स्वाभिमान का संदेश
झांसी में क्षत्रिय महासभा के कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति और वीरता पर वक्ताओं ने रखे विचार

झांसी
झांसी में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में महाराणा प्रताप जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह ने महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुधीर सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के ऐसे महानायक थे जिन्होंने स्वदेश, स्वधर्म और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी महाराणा प्रताप ने मातृभूमि की आन, बान और शान से कभी समझौता नहीं किया।
उन्होंने कहा कि हल्दीघाटी के युद्ध से लेकर संघर्षपूर्ण जीवन तक महाराणा प्रताप ने स्वतंत्रता और आत्मसम्मान की रक्षा के लिए हर कठिनाई का सामना किया। उनका जीवन त्याग, शौर्य और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण है।
विशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ मधुपाल सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन आने वाली पीढ़ियों को साहस, आत्मसम्मान और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानना ही महाराणा प्रताप के जीवन का सबसे बड़ा संदेश था।
कार्यक्रम में भाजपा नेता और जिला सहकारी विकास संघ के निदेशक कुंवर लाखन सिंह अस्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान रितेश सिंह, संजीव सिंह राजावत, साकेंद्र सिंह, रुद्रप्रताप सिंह बुंदेला, शिवम राजा परमार, अजय सिंह राजावत, सुमंत सिंह, विजय सिंह चौहान और नरेंद्र सिंह कुशवाह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में महाराणा प्रताप के जीवन और उनके बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
रिपोर्ट – आर के पटेल
ललितपुर
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



