
मड़ावरा (ललितपुर)
मड़ावरा थाना क्षेत्र के ग्राम गोराकलां में पुरानी रंजिश एक युवक की मौत की वजह बन गई। लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हुए हमले में गंभीर रूप से घायल युवक ने भोपाल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में तनाव बढ़ गया, जबकि परिजन शव लेकर सीधे थाने पहुंच गए और आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे।
जानकारी के अनुसार ग्राम गोराकलां निवासी बलवंत सिंह पुत्र जोधन सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र रामश्याम 2 मार्च 2026 की शाम करीब 7:30 बजे टैक्सी से डीजे साउंड सिस्टम का सामान लेकर जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही रामपाल पुत्र सरदार सिंह, जितेंद्र पुत्र रामपाल, छोटू पुत्र रामपाल और रच्चन पुत्र हाकिम वहां पहुंच गए।
परिजनों के मुताबिक पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि चारों लोगों ने रामश्याम को घेरकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजन घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ावरा लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में बेहतर इलाज के लिए भोपाल ले जाया गया, जहां कई दिनों तक इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव लेकर थाना मड़ावरा पहुंचे और हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
मृतक के पिता बलवंत सिंह ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। एहतियात के तौर पर पुलिस क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है।
रिपोर्ट- आर के पटेल
ब्यूरो, ललितपुर
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



