Uttar Pradesh; राहुल सिंह को अंतिम विदाई
डीएम और एसपी ने परिजनों से मिलकर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया, हजारों लोगों की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार

महराजगंज।
महराजगंज के इंदिरा नगर वार्ड निवासी युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह का गुरुवार को असमन टोला स्थित गिरनारी खेखड़ा घाट पर पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी। पूरे जिले में शोक का माहौल बना रहा।
बताया जा रहा है कि राहुल सिंह मंगलवार को लखनऊ के विभूतिखंड क्षेत्र स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए थे। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार देर रात प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में उनका पार्थिव शरीर पैतृक आवास लाया गया। घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
गुरुवार सुबह राहुल सिंह की अंतिम यात्रा निकाली गई। रास्ते भर लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। गिरनारी खेखड़ा घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। मुखाग्नि दिए जाने के साथ ही राहुल पंचतत्व में विलीन हो गए। इस दौरान मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
डीएम और एसपी ने दी सांत्वना
अंतिम संस्कार के बाद जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी शोकाकुल परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने परिजनों को ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सहयोग का दिया आश्वासन
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परिजनों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाई जाएगी ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता, क्षेत्राधिकारी रविन्द्र सिंह, खंड विकास अधिकारी अर्जुन चौधरी, एडीओ आईएसबी सुजीत गौड़, थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा, चौकी प्रभारी दिव्य प्रकाश मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
जांच का इंतजार
राहुल सिंह के असामयिक निधन से पूरे महराजगंज जिले में शोक की लहर है। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर परिजन और स्थानीय लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – धनंजय पटेल (महराजगंज)
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



