Uttar Pradesh; राहुल सिंह मामले में सीबीआई जांच की मांग
पूर्व मंत्री सुशील तिबड़ेवाल ने परिजनों से मुलाकात कर पांच करोड़ रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई

महराजगंज
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री सुशील कुमार तिबड़ेवाल शनिवार को सिसवा बाजार स्थित दिवंगत युवा वैज्ञानिक एवं ड्रोन इनोवेटर राहुल सिंह के आवास पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने राहुल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।
पूर्व मंत्री सुशील कुमार तिबड़ेवाल ने राहुल सिंह के पिता संजय सिंह और बड़े भाई रोहित सिंह से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। बातचीत के दौरान परिजन भावुक हो गए। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी इस मामले में उनके साथ खड़ी है।
राहुल सिंह मामले में सीबीआई जांच की मांग
पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मंत्री ने कहा कि राहुल सिंह एक प्रतिभाशाली युवा वैज्ञानिक थे, जिन्होंने अपने नवाचारों से महराजगंज और प्रदेश का नाम रोशन किया। उन्होंने कहा कि संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की सच्चाई सामने लाने के लिए राहुल सिंह मामले की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
सरकार के सामने रखीं तीन मांगें
सुशील कुमार तिबड़ेवाल ने प्रदेश सरकार से तीन प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को पांच करोड़ रुपये का आर्थिक मुआवजा दिया जाए, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराई जाए।
विधानसभा में उठेगा मुद्दा
पूर्व मंत्री ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को उत्तर प्रदेश विधानसभा में प्रमुखता से उठाएगी। साथ ही कहा कि यदि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई कराई जाएगी।
सपा नेताओं की रही मौजूदगी
इस दौरान समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव, प्रवीन कुमार सिंह, प्रमोद शर्मा, संजय यादव, शैलेश अग्रवाल, जाफर अली, भोला यादव, अभिनंदन पांडेय, घनश्याम मौर्य, अमजद अली, गुड्डू पांडेय, अमरनाथ यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नोट: सीबीआई जांच, मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग पूर्व मंत्री सुशील कुमार तिबड़ेवाल द्वारा की गई है। इन मांगों पर संबंधित सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
रिपोर्ट – धनंजय पटेल (महराजगंज)
समाचार तक – बेबाक खबर बड़ा असर



