Uttar Pradesh; संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत से सनसनी
टेकई गांव में 35 वर्षीय महिला की अचानक मृत्यु, मायके पक्ष ने उठाए सवाल

जनपद मऊ
मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत टेकई गांव में सोमवार की सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मऊ विवाहिता मौत मामला अब जांच का विषय बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जनपद के जहांनागंज थाना क्षेत्र के लोकापुर निवासी रमेश प्रसाद की पुत्री पूजा का विवाह लगभग 16 वर्ष पूर्व टेकई गांव निवासी राकेश कुमार के साथ हुआ था। विवाहिता के दो संतान भी हैं।
परिजनों के मुताबिक रविवार की रात्रि भोजन के उपरांत वह अपने कक्ष में विश्राम करने चली गई थी। भोर में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद कुछ ही समय में उसकी मृत्यु हो गई।
ससुराल पक्ष का कहना है कि विवाहिता पिछले कुछ दिनों से पेट दर्द की समस्या से ग्रसित थी और उसका उपचार भी चल रहा था। वहीं मायके पक्ष ने घटना को संदिग्ध बताते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।
दिन भर चली पंचायत के उपरांत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ आवश्यक जांच पड़ताल की और पंचनामा की कार्यवाही पूर्ण कर शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भिजवा दिया।
कोतवाल कमलकांत वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
रिपोर्ट – अजीत पटेल
जिला ब्यूरो – जनपद मऊ
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



