Uttar Pradesh; शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत
बहन की शादी की खुशियां मातम में बदलीं, तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से युवक ने रास्ते में तोड़ा दम

ललितपुर
ललितपुर में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बहन की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे युवक की तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
सड़क हादसे में युवक की मौत का यह मामला कोतवाली क्षेत्र के खडेरा पुलिया के पास का है। बताया गया कि ग्राम दुधई मंजरा कंचनपुरा थाना पाली निवासी परमाल सिंह अपनी बहन की शादी के कार्ड बांटने गए थे। कार्ड बांटने के बाद वह वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया।
सड़क हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल
परिजनों के अनुसार 27 अप्रैल की दोपहर करीब 3 बजे परमाल सिंह खडेरा पुलिया के पास वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी सागर की ओर से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक पुलिया के नीचे जा गिरा।
इसके बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं घायल युवक ने खुद फोन कर परिजनों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।
इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
परिजन घायल युवक को एम्बुलेंस से ललितपुर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालांकि हालत गंभीर होने पर युवक को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
इसके बाद परिजन युवक को झांसी लेकर जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
परिवार में पसरा मातम
सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया। परिजनों ने बताया कि घर में बहन की शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच हुए हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।
मृतक के पिता रावराजा ने बताया कि अंतिम संस्कार और तेरहवीं की वजह से तुरंत रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई जा सकी। बाद में उन्होंने कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
कोतवाली ललितपुर पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125 बी और 106 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
वहीं ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि लापरवाही से वाहन चलाने के कारण लगातार हादसे बढ़ रहे हैं।
रिपोर्ट – आर. के. पटेल
ललितपुर
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



