Uttar Pradesh; तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर
14 वर्षीय बालक गंभीर, हादसे के बाद सड़क पर लगा लंबा जाम

जनपद मऊ
मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र में सोमवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने साइकिल सवार 14 वर्षीय बालक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा तफरी और आक्रोश का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार आजमगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ग्राम बनियापार के पास साइकिल सवार आकाश चौहान को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो आगे बढ़ते हुए सड़क किनारे खड़े एक अन्य चार पहिया वाहन से टकराई और फिर बिजली के पोल से जा भिड़ी, जिससे पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया।
गंभीर रूप से घायल बालक को मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बालक साइकिल से सरसों लेकर कोल्हू जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया।
करीब एक घंटे तक चले जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझा बुझाकर जाम समाप्त कराया।
बताया जा रहा है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर स्कॉर्पियो चालक की पहचान कर कार्रवाई में जुटी है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्ट – अजीत पटेल
जिला ब्यूरो चीफ – मऊ
समाचार तक – बेबाक खबर, बड़ा असर



